रवि शंकर स्टेडियम के सामने कार में नशीली गोलियां बेचने निकले दो आरोपी गिरफ्तार
160 अल्प्राजोलम टैबलेट, कार, तीन मोबाइल और नकदी जब्त, 4.04 लाख की सामग्री बरामद

दुर्ग। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने रवि शंकर स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने कार में बैठकर नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, एक कार, तीन मोबाइल फोन और 790 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 4 हजार 790 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि शंकर स्टेडियम के सामने ग्रे रंग की कार में नशीली गोलियां रखकर बिक्री के लिए कुछ लोग ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पदमनाभपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दीपांकर दास वैष्णव (32) निवासी मुक्त नगर, पदमनाभपुर के कब्जे से 70 अल्प्राजोलम टैबलेट, कार क्रमांक CG07AM6045, दो मोबाइल फोन और 790 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं मुकेश राजपुत (34) निवासी कसारीडीह, गौरा-गौरी चौक के कब्जे से 90 अल्प्राजोलम टैबलेट और एक रेडमी मोबाइल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कार में बैठकर अथवा खड़े होकर ग्राहकों को नशीली गोलियां बेचने का प्रयास कर रहे थे। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 626/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख), 27(क) में कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पदमनाभपुर थाना पुलिस टीम ने की। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से नशीले पदार्थों की बिक्री, खरीद या परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
