छत्तीसगढ़ में IPS अफसरों का बड़ा फेरबदल, 24 अधिकारियों के तबादले
राजनांदगांव को मिला नया IG, दंतेवाड़ा समेत 11 जिलों के SP बदले, कानून व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से जारी हुए आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत एक आईजी रेंज, कई डीआईजी, एआईजी और विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस प्रशासन में बेहतर समन्वय की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सबसे बड़ा बदलाव आईपीएस अजय कुमार यादव को लेकर हुआ है। उन्हें नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से हटाकर राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक यानी आईजी नियुक्त किया गया है।
वहीं, राजनांदगांव रेंज के वर्तमान आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है। बस्तर रेंज के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है। जिला स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। सरकार ने दंतेवाड़ा, कोरिया, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बालोद, सूरजपुर, कबीरधाम और सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदल दिया है।

नई नियुक्तियों के अनुसार चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक को सुकमा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद और सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है। सरकार का कहना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।
