NIA में IG बने IPS पी. सुंदरराज, बोले: राह नई है, सेवा का संकल्प वही है
बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व करने वाले 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी ने संभाला नया दायित्व, देश सेवा के प्रति जताई प्रतिबद्धता

नई दिल्ली/रायपुर। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए में इंस्पेक्टर जनरल, यानी आईजी का पदभार संभाल लिया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लिखा, "राह नई है, लेकिन सेवा का संकल्प वही है। आप सभी का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।" 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने कहा कि एनआईए में नई भूमिका उनके लिए एक नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने अपने अब तक के सेवाकाल को याद करते हुए सहयोगियों, शुभचिंतकों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि लोगों का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। पी. सुंदरराज लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के संवेदनशील बस्तर रेंज के आईजी रहे हैं। उन्हें राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रभावी रणनीतिकार अधिकारियों में गिना जाता है।

उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में कई बड़े अभियान चलाए, जिससे माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली। उनके कार्यकाल में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया। उन्होंने केवल सुरक्षा अभियानों पर ही नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को मजबूत करने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने, दूरस्थ क्षेत्रों तक सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने और आम लोगों का विश्वास जीतने पर भी विशेष जोर दिया। अबूझमाड़ जैसे बेहद चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विकास कार्यों को सुरक्षा रणनीति से जोड़ने में भी उनकी भूमिका अहम मानी जाती है। अब एनआईए में नई जिम्मेदारी के साथ पी. सुंदरराज देश की आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
