भिलाई में गूंजेगी जयपुर घराने के कथक की थाप, पं. राजेंद्र गंगानी से सीख रहे 100 साधक
तेहाई डांस अकादमी की दो दिवसीय कार्यशाला 'नित्यम् नृत्यम्' शुरू, जयपुर घराने की कथक परंपरा और बारीकियों से रूबरू हो रहे प्रतिभागी; 22 नवंबर को महात्मा गांधी कला मंदिर में होगा समापन समारोह

भिलाई। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा, अनुशासन और कलात्मक अभिव्यक्ति को करीब से समझने का अवसर भिलाई के कथक प्रेमियों को मिल रहा है। तेहाई डांस अकादमी की ओर से आयोजित दो दिवसीय कथक कार्यशाला 'नित्यम् नृत्यम्' में जयपुर घराने के प्रख्यात कथक गुरु पं. राजेंद्र गंगानी नृत्य साधकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। शनिवार को सेक्टर-8 स्थित स्टील क्लब में कार्यशाला का शुभारंभ हुआ, जिसमें देश के विभिन्न शहरों से आए करीब 100 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यशाला की शुरुआत पं. राजेंद्र गंगानी के आत्मीय स्वागत और अभिनंदन के साथ हुई। उनके सान्निध्य में प्रशिक्षण प्राप्त करना प्रतिभागियों के लिए विशेष अनुभव बन रहा है। कथक की पारंपरिक शैली से लेकर उसकी तकनीकी बारीकियों तक को समझने के लिए नृत्य साधकों में खासा उत्साह है।
पं. राजेंद्र गंगानी ने अपनी विशिष्ट नृत्य शैली, प्रभावशाली पद-संचालन, जटिल लयकारी और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से कथक के जयपुर घराने को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। वे महान कथक गुरु पं. कुंदनलाल गंगानी के पुत्र एवं शिष्य हैं। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पं. गंगानी की कला यात्रा कथक की गुरु-शिष्य परंपरा और निरंतर साधना का उदाहरण है। इस आयोजन का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि कार्यशाला को पं. कुंदनलाल गंगानी की 100वीं जयंती को समर्पित किया गया है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विरासत से जोड़ने और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशाला में कोलकाता से पं. गंगानी की शिष्या देबाद्रिता मुखर्जी अपनी टीम के साथ पहुंची हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अन्य शहरों से भी नृत्य साधक प्रशिक्षण के लिए शामिल हुए हैं। तेहाई डांस अकादमी की निदेशक अमृता सान्याल ने बताया कि करीब 100 शिष्यों ने कार्यशाला में सहभागिता की है। कोलकाता की संस्था नबराग भी आयोजन में सहयोग कर रही है। दो दिनों तक चलने वाले प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों को तत्कार, ताल, लयकारी, चक्कर, पद-संचालन और भावाभिव्यक्ति की बारीकियों से परिचित कराया जा रहा है। कथक की शास्त्रीय संरचना को समझने के साथ ही नृत्य की प्रस्तुति में तकनीकी शुद्धता और भावों के संतुलन पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
महात्मा गांधी कला मंदिर में होगा समापन
कार्यशाला का समापन रविवार, 22 नवंबर को शाम 7 बजे सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर में होगा। समापन समारोह में पं. राजेंद्र गंगानी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। दो दिवसीय इस आयोजन ने भिलाई के सांस्कृतिक वातावरण में शास्त्रीय नृत्य की नई ऊर्जा का संचार किया है।