जरूरतमंदों एवं बुजुर्गों को दिशा संस्था ने बांटी राहत सामग्री

मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के आश्रय स्थल एवं वृद्धाश्रम में वितरित की फिनायल, डिटर्जेंट, लिक्विड सोप, डामर गोली सहित अन्य उपयोगी सामग्री

जरूरतमंदों एवं बुजुर्गों को दिशा संस्था ने बांटी राहत सामग्री

भिलाई। बारिश का मौसम अपने साथ जहां हरियाली और राहत लेकर आता है, वहीं संक्रमण और बीमारियों की आशंकाएं भी बढ़ा देता है। ऐसे समय में सामाजिक संस्था "दिशा" ने संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय देते हुए पुलगांव (दुर्ग) तथा भिलाई क्षेत्र के सेक्टर-8 एवं सेक्टर-2 स्थित वृद्धाश्रमों के साथ-साथ सेक्टर-3, भिलाई स्थित मानसिक रूप से विशेष जरूरत वाले लोगों के आश्रय स्थल "फील परमार्थम फाउंडेशन" में स्वच्छता सामग्री एवं फलों का वितरण किया। सेक्टर-8 वृद्धाश्रम में रुई के गद्दे भी भेंट किए गए।

संस्था द्वारा फिनायल, डिटर्जेंट, लिक्विड सोप, डामर गोली, फल एवं अन्य आवश्यक सामग्री की किट उपलब्ध कराई गई, ताकि मानसून के दौरान वहां रहने वाले बुजुर्गों एवं आश्रितों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। संस्था के सदस्यों ने सामग्री वितरण के साथ-साथ आश्रमवासियों से आत्मीय भेंट कर उनका हालचाल भी जाना।

सेवा कार्य के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर झलकती मुस्कान और आत्मीयता ने पूरे माहौल को भावुक बना दिया। कई बुजुर्गों ने संस्था के सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि समाज का यह अपनापन उनके जीवन में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार करता है।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि सेवा केवल वस्तुओं के वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों के साथ खड़े होने का संकल्प है जिन्हें स्नेह, सहयोग और संवेदना की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। मानसून के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में यह सामग्री महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

संस्था "दिशा" लंबे समय से विभिन्न सामाजिक, पर्यावरणीय एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देती आ रही है। संस्था का मानना है कि जरूरतमंदों के जीवन में छोटी-सी सहायता भी बड़ा परिवर्तन ला सकती है। इस अवसर पर संस्था "दिशा" के श्री सुजीत चक्रवर्ती, राजेश धारकर, प्रदीप दास, शांतनु दासगुप्ता, एस.के. दशोरे, उत्तम डे, नरसिम्हा राव, देबाशीष मजूमदार, कल्याण राय, बापी दास, भास्कर देवनाथ, दुष्यंत तिवारी, रामजी सिन्हा, पी.के. धाबरकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सेक्टर-8 वृद्धाश्रम प्रबंधन की ओर से मीनाक्षी, फील परमार्थम फाउंडेशन की ओर से अमित राज एवं आश्रमवासियों ने दिशा संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा के इस छोटे से प्रयास ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि मानवता की सच्ची पहचान दूसरों के जीवन में सुख, सुरक्षा और सम्मान का भाव जगाने में ही निहित है।