राजा तालाब के पास अवैध शराब बेचते युवक को पुलिस ने दबोचा, 32 पौवा देशी शराब जब्त
अंजोरा चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

दुर्ग। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलगांव थाना अंतर्गत अंजोरा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम धनोट में अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 पौवा देशी मसाला शराब और बिक्री से प्राप्त नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धनोट स्थित राजा तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही अंजोरा चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बिक्री के लिए रखी गई 32 पौवा (प्रत्येक 180 एमएल) देशी मसाला शराब बरामद हुई। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जब्त किए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है। नगदी सहित कुल जब्ती का मूल्य 3,500 रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेश बर्रैया (35 वर्ष) निवासी ग्राम धनोट, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
