मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना पड़ा भारी, 10 वाहनों पर कार्रवाई

भिलाई। मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा के लिए सोमवार को कुम्हारी-दुर्ग क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले 10 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
माल ढोने की जगह बन रहे थे सवारी वाहन
यातायात पुलिस के अनुसार मालवाहक वाहन केवल सामान और सामग्री के परिवहन के लिए निर्धारित हैं। इसके बावजूद कई वाहन चालक इनमें लोगों को बैठाकर परिवहन कर रहे हैं। ऐसे वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हादसा हुआ तो बढ़ सकता है खतरा
पुलिस ने बताया कि मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना बेहद जोखिमपूर्ण है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के अनियंत्रित होने, पलटने या दुर्घटना की स्थिति में इनमें बैठे यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका रहती है। यात्रियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं होती।
चालकों और मालिकों को समझाइश
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने की समझाइश दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। वाहन मालिकों से भी कहा गया कि वे अपने वाहनों का उपयोग निर्धारित कार्य के लिए ही करें और अनधिकृत रूप से सवारी परिवहन न कराएं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
