शराब पीकर सड़क किनारे जमे तो पुलिस ने धर दबोचा, 82 मामलों में कार्रवाई
दुर्ग पुलिस का जिलेभर में विशेष अभियान, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में चला सघन चेकिंग अभियान; पुलगांव में सबसे ज्यादा 19 प्रकरण

भिलाई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अड्डेबाजी करने वालों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 82 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर बैठने और अड्डेबाजी करने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों ने चौक-चौराहों, पार्कों, बाजार क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग और निगरानी की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाना रहा, जिनसे आम लोगों को परेशानी होती है या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और चेकिंग बढ़ाकर ऐसे स्थानों की पहचान की, जहां अक्सर लोग शराब सेवन के बाद जमा होते हैं। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले लोगों और अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ प्रचलित आबकारी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। थानावार कार्रवाई में पुलगांव थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा 19 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बाद कुम्हारी में 11, पुरानी भिलाई और नंदिनी नगर में 8-8, सुपेला में 7 तथा खुर्सीपार में 6 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
थानावार कार्यवाही विवरण
1. थाना पुलगांव – 19 प्रकरण
2. थाना कुम्हारी – 11 प्रकरण
3. थाना पुरानी भिलाई – 08 प्रकरण
4. थाना नंदिनी नगर – 08 प्रकरण
5. थाना सुपेला – 07 प्रकरण
6. थाना खुर्सीपार – 06 प्रकरण
7. थाना जामुल – 05 प्रकरण
8. थाना पदमनाभपुर – 04 प्रकरण
9. थाना पाटन – 04 प्रकरण
10. थाना नेवई – 02 प्रकरण
11. थाना भिलाई नगर – 02 प्रकरण
12. थाना धमधा – 02 प्रकरण
13. थाना मोहन नगर – 02 प्रकरण
14. थाना छावनी – 01 प्रकरण
15. चौकी नगपुरा – 01 प्रकरण
पार्क और बाजार भी पुलिस की रडार पर
पुलिस ने अभियान के दौरान केवल मुख्य सड़कों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि पार्कों, बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी की। इन स्थानों पर शराब सेवन या अड्डेबाजी की शिकायत मिलने अथवा संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर पुलिस टीमों ने तत्काल जांच की। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी गतिविधियों से आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को असुविधा होती है।
अड्डेबाजी पर लगातार कार्रवाई की तैयारी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्रवार निगरानी, पेट्रोलिंग और चेकिंग बढ़ाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर लगातार निगरानी की जाएगी, जहां असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती हैं।
82 प्रकरणों में कार्रवाई, पुलिस ने दिया सख्त संदेश
जिलेभर में एक साथ हुई 82 प्रकरणों की कार्रवाई से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और अड्डेबाजी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। पुलिस की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।
