1.1 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

कुरूद पुलिस की कार्रवाई में 36 हजार रुपये का मशरूका जब्त, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी बरामद, दोनों आरोपी जेल भेजे गए।

1.1 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 36 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो युवक बिक्री के उद्देश्य से हेरोइन लेकर आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) और एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) भी जब्त की गई। इस तरह कुल 36 हजार रुपये का मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत धारा 21(ए) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान (27 वर्ष) निवासी संजय नगर, कुरूद और केशवराम ध्रुव (26 वर्ष) निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है।