इंस्टाग्राम पर महिला की फोटो और मोबाइल नंबर वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर महिला की फोटो और मोबाइल नंबर वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। सोशल मीडिया पर एक महिला की निजी जानकारी और फोटो वायरल कर उसकी निजता का उल्लंघन करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा साइबर सेल की तकनीकी जांच के बाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को पीड़िता ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उसका नाम, मोबाइल नंबर और फोटो सार्वजनिक कर दिए हैं। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 294/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपी की पहचान प्रांजल यादव (24 वर्ष) निवासी राम नगर, सुपेला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रुंगटा-2 में पीजीडीसीए का छात्र है और एक यूट्यूब चैनल भी संचालित करता है। मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं तथा आगे की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें। किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी, फोटो या अन्य सामग्री उसकी अनुमति के बिना साझा करना कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन को दें।