अपहरण कर लूट का खुलासा, 2 आरोपी और 4 नाबालिग पकड़े गए, ₹87,180 की लूट

भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने अपहरण कर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी निवासी युवक अपने रिश्तेदार के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। 2 जुलाई की सुबह गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास स्कूटी खराब होने पर उसने कुछ युवकों से मदद मांगी। आरोपियों ने स्कूटी खरीदने का बहाना बनाकर दोनों को अपने साथ ले गए और विभिन्न स्थानों पर ले जाकर मारपीट की।

आरोपियों ने पीड़ित से स्कूटी, दो मोबाइल फोन, चांदी की अंगूठियां, चांदी का ब्रेसलेट, नकदी, पर्स, दस्तावेज और अन्य सामान लूट लिया। इसके अलावा डिजिटल भुगतान के माध्यम से जबरन ₹18,180 भी ट्रांसफर कराए। पुलिस के अनुसार, कुल करीब ₹87,180 की लूट की गई।
जांच के दौरान सुपेला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पीड़ित की पहचान के आधार पर सोहेल खान और पंकज विश्वकर्मा सहित चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपी का नाम :
1. सोहेल खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी शीतला मंदिर के पास, इंद्रा नगर, सुपेला।
2. पंकज विश्वकर्मा, उम्र 18 वर्ष, निवासी गदा चौक, सुपेला।
3. 04 अपचारी बालक (विधि के अनुसार विवरण गोपनीय)।
4. 02 अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी।
