चाय-नाश्ते के ठेले से अवैध शराब बेच रहा था युवक, 45 पौवा शराब के साथ गिरफ्तार

अहिवारा में दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, 4,500 रुपये की देशी मसाला शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल

चाय-नाश्ते के ठेले से अवैध शराब बेच रहा था युवक, 45 पौवा शराब के साथ गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान के तहत नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अहिवारा के रायपुर बायपास रोड स्थित एक चाय-नाश्ते के ठेले पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ अवैध शराब बेचते पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 45 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,500 रुपये है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज साहू उर्फ मोनू साहू (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 1, अहिवारा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी बिना किसी वैधानिक अनुमति के अवैध रूप से शराब बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहा था। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।