10 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 1342 पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग और हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 10 जुलाई 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के नए भवन परिसर, पोटिया (दुर्ग) में आयोजित होगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के अनुसार, रोजगार मेले में 15 निजी नियोजकों द्वारा 1342 तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। 8 जुलाई 2026 तक रिक्तियों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है।

रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग स्नातक, एमबीबीएस, बीएएमएस, नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, डिप्लोमा पैरामेडिकल सहित अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। आवेदन और रिक्तियों की जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट तथा छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग से संपर्क किया जा सकता है।
