नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे नशीली दवाओं का कारोबार, सुपेला पुलिस ने तीन तस्करों को दबोचा

840 अल्प्राजोलम टैबलेट, तीन मोबाइल और ₹1,600 नकद जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल

नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे नशीली दवाओं का कारोबार, सुपेला पुलिस ने तीन तस्करों को दबोचा

भिलाई । दुर्ग पुलिस द्वारा सूखा नशा और प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित नशीली दवा बेच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और बिक्री की नगदी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे तीन व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदेहियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग के बैग में रखी 56 स्ट्रिप (कुल 840 नग) अल्प्राजोलम 0.5 एमजी नशीली टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और बिक्री से प्राप्त 1,600 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अमन रक्सेल (23 वर्ष), अमर साहू (24 वर्ष) और पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 952/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 8(क) एवं 27(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।