वायनाड में भारी बारिश से भूस्खलन, सुरंग निर्माण स्थल दबा, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया, 226 मिमी बारिश के बाद हादसा, NDRF समेत राहत एजेंसियां बचाव कार्य में जुटीं

वायनाड में भारी बारिश से भूस्खलन, सुरंग निर्माण स्थल दबा, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

केरल के वायनाड से बड़ी खबर सामने आई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सुरंग निर्माण स्थल के पास भीषण भूस्खलन हुआ है। हादसे में कई श्रमिकों और पर्यटकों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यह हादसा वायनाड जिले के कलाड़ी क्षेत्र में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां सुरंग निर्माण का कार्य चल रहा था। लगातार बारिश के कारण निर्माण स्थल पर खोदी गई मिट्टी का विशाल ढेर अचानक ढह गया और आसपास का हिस्सा मलबे में दब गया।

पिछले 24 घंटों में मेप्पडी क्षेत्र में करीब 226 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से मिट्टी पूरी तरह ढीली हो गई, जिसके चलते यह बड़ा भूस्खलन हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। बचाव कार्य को तेज करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल यानी NDRF की टीम भी घटनास्थल पर तैनात की गई है।

केरल के मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और सभी संभावित प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है और लगातार स्थिति का आकलन किया जा रहा है।