समोदा नगर पंचायत में सियासी भूचाल, भाजपा के 5 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे का पत्र वायरल
मुख्यमंत्री के नाम बताए जा रहे पत्र में अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप, विकास कार्य ठप होने का दावा, वायरल पत्र से राजनीतिक हलचल तेज

रायपुर। आरंग से लगे नगर पंचायत समोदा में भाजपा पार्षदों के कथित सामूहिक इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। वायरल हो रहे पत्र में नगर पंचायत उपाध्यक्ष समेत पांच भाजपा पार्षदों के नाम और हस्ताक्षर दिखाई दे रहे हैं। यह पत्र मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम संबोधित बताया जा रहा है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। इसके चलते वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

पार्षदों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद नाली निर्माण, पानी निकासी और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य लंबे समय से लंबित हैं। इससे जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा और वे अपने जनप्रतिनिधि होने की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से नहीं निभा पा रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते पद छोड़ने जैसा फैसला लेने की बात पत्र में लिखी गई है। हालांकि, फिलहाल इस वायरल पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न ही भाजपा संगठन या संबंधित पार्षदों की ओर से इस मामले पर कोई औपचारिक बयान सामने आया है। यदि यह पत्र वास्तविक साबित होता है, तो इसे नगर पंचायत समोदा की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जाएगा। अब सभी की नजर प्रशासन और भाजपा संगठन की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी है।
