बच्चों की जान से खिलवाड़! 2 दिन में 2 स्कूल वाहन चालक शराब के नशे में मिले, बस-वैन जब्त

बच्चों की जान से खिलवाड़! 2 दिन में 2 स्कूल वाहन चालक शराब के नशे में मिले, बस-वैन जब्त

दुर्ग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस दुर्ग की सघन जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। महज दो दिनों के भीतर दो स्कूल वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत न्यायालय भेज दिया है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार, प्रतिदिन सुबह 6 बजे से स्कूल बस और वैन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान 10 जुलाई को कुम्हारी स्थित श्री स्कूल के बस चालक के शरीर में 180 mg/100 ml अल्कोहल पाया गया। वहीं 13 जुलाई को श्री राम स्कूल की वैन का चालक 70 mg/100 ml अल्कोहल के साथ वाहन चलाते पकड़ा गया। अभियान के दौरान एक अन्य स्कूल वाहन चालक भी नशे की हालत में मिला।

सभी मामलों में वाहनों को जब्त कर न्यायालय भेजा गया है। संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है। वहीं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

यातायात पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और ब्रीथ एनालाइजर जांच कराएं तथा किसी भी स्थिति में नशे में चालक को बच्चों के परिवहन की जिम्मेदारी न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।