अड्डेबाजों और शराबियों पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 114 पर कार्रवाई

अड्डेबाजों और शराबियों पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 114 पर कार्रवाई

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 114 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब बेचने वालों को गिरफ्तार कर शराब और बिक्री की नगदी भी जब्त की गई।

पुलिस ने 10 से 12 जुलाई के बीच जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, तालाब, पार्क और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और अड्डेबाजी करते मिले लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

सबसे अधिक कार्रवाई जामुल थाना क्षेत्र में 10, उतई, नेवई और पुरानी भिलाई में 9-9, मोहन नगर में 8, जबकि भिलाई नगर और दुर्ग में 7-7 मामलों में की गई। इसके अलावा छावनी, नंदिनी नगर, धमधा, खुर्सीपार, पाटन, सुपेला, वैशाली नगर, पुलगांव, स्मृतिनगर, कुम्हारी सहित जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए ऑपरेशन विश्वास के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अवैध शराब बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।