मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर कार्रवाई, ₹5 हजार का चालान, मौके पर हटवाया साइलेंसर

दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक बुलेट चालक पर ₹5,000 का चालान किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर वाहन को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, गुरुद्वारा चौक पर सोमवार रात वाहन जांच के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG07/BD-8498 में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगा मिला। वाहन से अत्यधिक तेज आवाज के साथ चिंगारी भी निकल रही थी, जिससे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका थी।

पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(AG) के तहत ₹5,000 का चालान किया। इसके साथ ही मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर वाहन को मानक स्थिति में कराया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि तेज आवाज करने वाले और चिंगारी छोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और केवल निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर एवं उपकरणों का उपयोग करें, ताकि सुरक्षित और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनी रहे।
