IAS सुरूचि सिंह ने संभाली भिलाई निगम आयुक्त की जिम्मेदारी, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

IAS सुरूचि सिंह ने संभाली भिलाई निगम आयुक्त की जिम्मेदारी, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

भिलाई। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने सोमवार को नगर पालिक निगम भिलाई की नई आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत उनकी नियुक्ति भिलाई निगम आयुक्त के पद पर की गई है। इससे पहले वे राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में कार्यरत थीं।

नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। पदभार ग्रहण के दौरान निगम के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उन्हें निगम की विभिन्न विकास परियोजनाओं और विभागीय कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।

पदभार संभालने के बाद आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत सुश्री सुरूचि सिंह को भिलाई नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता से शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।