मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

फायरिंग में मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह घायल, जवाबी कार्रवाई में मारा गया मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू; कई राज्यों में दर्ज थे संगीन मामले।

मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार देर रात एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू मुठभेड़ में मारा गया। इस दौरान बदमाश की गोली लगने से मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, रामनगर करजहा से कुशीनगर लेन के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम का सामना आजमगढ़ के मेहनगर खुन्दनपुर निवासी मुस्तफिजुल से हुआ। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, एक बाइक, कई खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मुस्तफिजुल के खिलाफ उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2024 में वह महाराष्ट्र पुलिस की हिरासत से भी फरार हो गया था। उसका पहला आपराधिक मामला वर्ष 2003 में चोरी के आरोप में दर्ज हुआ था। इसके बाद हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और धमकी जैसे कई मामलों में वह वांछित रहा। वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ उद्घोषणा और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।