साइबर ठगी के म्यूल बैंक खातों पर दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन, 8 खाताधारकों पर केस दर्ज
10 से 15 हजार रुपये के लालच में साइबर अपराधियों को बेच दिए बैंक खाते, पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड; मनी ट्रेल जांच में हुआ खुलासा

भिलाई। अगर कोई आपसे बैंक खाता किराए पर लेने, खरीदने या कुछ पैसों के बदले एटीएम और सिम कार्ड देने की बात करे, तो सावधान हो जाइए। दुर्ग पुलिस ने ऐसे ही एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 8 खाताधारकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार थाना छावनी, थाना उतई और थाना दुर्ग कोतवाली के तीन अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों का खुलासा हुआ। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पहचान की।
जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को सौंप रहे थे। इन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम एक खाते से दूसरे खाते में भेजकर मनी ट्रेल छिपाई जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि कुछ लोगों ने केवल 10 से 15 हजार रुपये के बदले अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को बेच दिए थे। इतना ही नहीं, खाते से जुड़े सभी दस्तावेज और सिम कार्ड भी उनके हवाले कर दिए गए, जिससे खाते का पूरा नियंत्रण साइबर ठगों के पास पहुंच गया।
इस मामले में अश्वंश कुमार प्रसाद, सागर राम, नितिन सिंघल, अजय कुमार धहरिया, सोनू कमलाकर पाटने, राहुल यादव, रेखा सिंह और जूही तबस्सुम सहित कुल 8 खाताधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य बैंकिंग दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना छावनी, थाना उतई, थाना दुर्ग कोतवाली और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने की। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी साइबर अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
आरोपी का नाम :
1. अश्वंश कुमार प्रसाद, उम्र 25 वर्ष, निवासी बापू नगर, जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई।
2. सागर राम, निवासी शिवाजी नगर, चंद्रमा चौक, खुर्सीपार, भिलाई।
3. नितिन सिंघल, उम्र 45 वर्ष, निवासी वर्धमान हाइट्स, गंजपारा, दुर्ग।
4. अजय कुमार धहरिया, उम्र 28 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, सुपेला, भिलाई।
5. सोनू कमलाकर पाटने, उम्र 34 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई।
6. राहुल यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी गोकुल नगर, जामुल।
7. रेखा सिंह, निवासी सुपेला। (विवेचना में)
8. जूही तबस्सुम, निवासी कैंप-02, भिलाई।
