स्कूल छात्रों को रोककर मारपीट और शराब के लिए पैसे मांगने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़े गए

स्कूल छात्रों को रोककर मारपीट और शराब के लिए पैसे मांगने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़े गए

भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर मारपीट, गाली-गलौज और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दो अपचारी बालकों को भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई की रात मोहम्मद शब्बीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ युवक स्कूल के छात्रों को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। पैसे नहीं देने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता था।

शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई।

पुलिस ने स्कूल समय में मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों से आरोपियों की पहचान कराई। जांच में युवराज साहू (19) और शेखर गुप्ता (21) की पहचान हुई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 14 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक भी जब्त किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुनसान स्थानों पर छात्रों को रोककर मारपीट और धमकी देकर शराब के लिए पैसे वसूलते थे।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, पालकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।