सेक्टर-6 कालीबाड़ी को नई दिशा देने 21 सदस्यीय टीम ने संभाली कमान
सांसद विजय बघेल बोले: कालीबाड़ी से मेरा पुराना नाता, विकास के हर काम में दूंगा सहयोग; विधायक देवेंद्र यादव ने भी जताई सक्रिय भागीदारी की प्रतिबद्धता



भिलाई। सेक्टर-6 कालीबाड़ी में रविवार को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। नवगठित कार्यकारी समिति के पदभार ग्रहण समारोह के साथ परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शपथ लेकर कालीबाड़ी और समाज के विकास की जिम्मेदारी संभाली। 21 सदस्यीय कार्यकारिणी में डॉ. दीप चटर्जी को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शपथ के साथ शुरू हुई नई पारी
समारोह में उपस्थित नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों की शपथ ली। अध्यक्ष डॉ. दीप चटर्जी, उपाध्यक्ष देवव्रत कर और विश्वजीत दास, सचिव सुमीत कुमार घोषाल, सहसचिव सुमन शील और अजय कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष तिमीर भट्टाचार्य सहित अन्य सदस्यों ने नई जिम्मेदारी संभाली। कार्यकारिणी के पांच सदस्य रजत राय, दीपक कुमार बनर्जी, तिमीर भट्टाचार्य, देवव्रत कर और अजय कुमार मिश्रा शहर से बाहर होने के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
कालीबाड़ी से मेरा पुराना रिश्ता: बघेल
सांसद विजय बघेल ने नई समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेक्टर-6 कालीबाड़ी से उनका वर्षों पुराना और आत्मीय संबंध है। उन्होंने बताया कि वे पहले कालीबाड़ी मंदिर के पास ही रहते थे। इसी दौरान मां काली के प्रति उनकी आस्था और भक्ति और मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि मंदिर और समाज के विकास के लिए नई कार्यकारिणी को बेहतर कार्यप्रणाली के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कालीबाड़ी के विकास और समाजहित से जुड़े कार्यों में उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बचपन से आता रहा हूं कालीबाड़ी: देवेंद्र यादव
विधायक देवेंद्र यादव ने भी कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर-6 कालीबाड़ी से उनका भी पुराना जुड़ाव रहा है और वे बचपन से यहां आते रहे हैं। मंदिर और समाज के विकास से जुड़े कार्यों में आगे भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने की बात उन्होंने कही।
पौधारोपण से दिया हरियाली का संदेश
पदभार ग्रहण समारोह के बाद कालीबाड़ी परिसर में पौधारोपण किया गया। सांसद विजय बघेल, विधायक देवेंद्र यादव और अन्य अतिथियों ने समिति के सदस्यों के साथ पौधे लगाए। इस दौरान परिसर को हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। समिति ने आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वच्छ वातावरण तैयार करने की दिशा में काम करने की बात कही।
शहर की कई कालीबाड़ियों के प्रतिनिधि जुटे
कार्यक्रम में भिलाई बंगाली समाज, हुडको कालीबाड़ी, छत्तीसगढ़ बंगाली मित्र समाज, हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी, सुभाष नगर कालीबाड़ी, नेहरू नगर कालीबाड़ी, स्मृति नगर कालीबाड़ी, राधिका नगर कालीबाड़ी और न्यू खुर्सीपार कालीबाड़ी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। भाजपा, कांग्रेस, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
बच्चों की प्रस्तुति ने जीता दिल
कार्यक्रम का एक खास आकर्षण बच्चों का जूडो-कराटे प्रदर्शन रहा। बच्चों ने आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन कर अतिथियों और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
भिलाई बंगाली समाज के अध्यक्ष सुप्रभात पाल, सुबीर राय, पूर्व सचिव सुरजीत दत्ता, राजा बनर्जी, मानस बैनर्जी, श्यामल राय, शुभेंदु बागची, अभिजीत भौमिक, पिंटू पाल, सौरभ दत्ता, पालस बासु, विमान राय, प्रकाश राय, जयंत बागची, संजय पालित, अभिजीत डे, तपन मजूमदार, मौसमी राय, मुनमुन चटर्जी, काजल चौधरी, मानसी सरकार, जोली राय, रूपाली पालित तथा बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष सुनील वैष्णव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
