विश्व मंच पर चमके प्रियांक मिश्रा, विश्व पावरलिफ्टिंग में छत्तीसगढ़ का जलवा

विश्व मंच पर चमके प्रियांक मिश्रा,  विश्व पावरलिफ्टिंग में छत्तीसगढ़ का जलवा

भिलाई। दक्षिण अफ्रीका में 4 से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित विश्व स्तरीय एशिया पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी प्रियांक मिश्रा ने एक और शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने क्लासिक (अनइक्विप्ड) स्पर्धा के 93 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 525 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

इससे पहले प्रतियोगिता के पहले चरण में 7 जुलाई को प्रियांक ने इक्विप्ड कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया था। अब उसी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। यह प्रियांक मिश्रा की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है और अपने पहले ही अभियान में उन्होंने भारत के लिए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

इस उपलब्धि का श्रेय प्रियांक ने अपने कोच आसिफ अली, भारतीय टीम के कोच कृष्णा साहू, अभ्यास के दौरान सहयोग करने वाले साथी खिलाड़ियों, पावरलिफ्टिंग इंडिया के अध्यक्ष सतीश कुमार कुदरीली, महासचिव एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पी.जे. जोसफ, छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक जी. सुरेश (बाबे), इंद्रजीत सिंह (छोटू), अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा सहित सभी पदाधिकारियों को दिया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आर्थिक सहयोग देने वाले बिलासपुर के सहयोगियों और छत्तीसगढ़ शासन का भी आभार व्यक्त किया।