5 महीने बाद फिर आमने सामने भारत और पाकिस्तान, आज होगा महामुकाबला

नई दिल्ली। पांच महीने के इंतजार के बाद क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला फिर सामने है। भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी, रविवार को टी20 विश्व कप में आमने-सामने होंगी। मैच कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। यह सिर्फ एक मैच नहीं, दबाव, इतिहास और भावनाओं का टकराव है। दोनों देशों के प्रशंसकों की नजरें इसी मुकाबले पर टिकी रहती हैं।

आंकड़े क्या कहते हैं, यह भी जान लीजिए। टी20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमों के बीच आठ मुकाबले हुए हैं। सात बार भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक बार सफल रहा है। वनडे और टी20 विश्व कप को मिलाकर देखें तो भारतीय टीम केवल एक बार पाकिस्तान से हारी है। वह मैच 2021 टी20 विश्व कप में खेला गया था, जहां पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी।

इस बार मुकाबले से पहले एक और बात चर्चा में रही। पाकिस्तान ने पहले मैच के बहिष्कार का संकेत दिया था, लेकिन बाद में यू-टर्न लेते हुए कोलंबो के प्रेमादासा स्टेडियम में खेलने का फैसला किया। अब सबकी नजरें मैदान पर होंगी। क्या भारत अपना दबदबा कायम रखेगा, या पाकिस्तान इतिहास बदलने की कोशिश करेगा? जवाब 15 फरवरी की शाम मिलेगा। फिलहाल, माहौल गर्म है और इंतजार अपने चरम पर।