बांग्लादेश में हिंदू SI की हत्या का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया

बांग्लादेश में हिंदू SI की हत्या का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया

नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंदू पुलिस अधिकारी की हत्या के मुख्य आरोपी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया। आरोपी यूरोप भागने की तैयारी में था, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे उड़ान से पहले ही रोक लिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान अहमद रजा हसन मेहदी के रूप में हुई है। भारतीय एजेंसियों को उसके दिल्ली पहुंचने की खुफिया सूचना पहले ही मिल चुकी थी। इसी इनपुट के आधार पर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई और उसे इंटरसेप्ट कर लिया गया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे वापस बांग्लादेश भेज दिया गया।

मेहदी ने साल 2024 में सब-इंस्पेक्टर संतोष शर्मा की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। हत्या के बाद उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह पुलिस स्टेशन के अंदर बैठकर अपराध कबूल करता दिखाई दिया था। घटना 5 अगस्त 2024 की है। उस समय बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के तख्तापलट के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण थे। छात्र प्रदर्शन हिंसक हो गए थे और कई जगहों पर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया गया। इसी दौरान बनियाचंग पुलिस स्टेशन में तैनात SI संतोष शर्मा की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हत्या के बाद उनका शव पेड़ से लटका दिया गया था। उस दौर में हिंदू समुदाय के खिलाफ हमलों और पूजा स्थलों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर टिकी है।