धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने मारपीट कर तोड़ी मूर्तियां, मां की शिकायत पर पुत्र गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के दबाव और धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

मामला रिसाली भिलाई के आशीष नगर पश्चिम का है। यहां रहने वाली 52 वर्षीय सरोज वर्मा ने 16 फरवरी 2026 को थाना नेवई पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका पुत्र होशांग वर्मा उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और घर में तोड़फोड़ की गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक दिया गया और पूजा-पाठ में बाधा पहुंचाई गई।

पुलिस ने शिकायत का परीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 और 4 के तहत अपराध योग्य पाया गया। इसके बाद अपराध क्रमांक 085/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी होशांग वर्मा को 17 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। यह घटना एक ही परिवार के भीतर धार्मिक विवाद के कारण पैदा हुए तनाव को दिखाती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
