खुर्सीपार में 1.79 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 1.10 लाख की सामग्री जब्त

केनाल रोड पर गांजा बेचते पकड़ा गया आरोपी, पुलिस ने मोबाइल और नकदी भी की जब्त

खुर्सीपार में 1.79 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 1.10 लाख की सामग्री जब्त

भिलाई। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार थाना पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 790 ग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 10 हजार 50 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जीरो पॉइंट गार्डन सेट के नीचे स्थित केनाल रोड पर एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज सिंह (26 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 46, दुर्गा मंदिर के पास, खुर्सीपार, भिलाई बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए रखा 1.790 किलोग्राम गांजा, 550 रुपये नकद और 20 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) और 27A के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।