पुलिस पर फायरिंग और हमले के बाद बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी नागरिक सहित तीन बंदी फरार, डीजीपी ने 6 कर्मी निलंबित किए

जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह में सोमवार शाम बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई। दो पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सुना-उल और एहसान अली, साथ ही आरएस पुरा के दबलैड का रहने वाला करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा पुलिस पर फायरिंग और धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए।

वारदात शाम करीब 5:15 बजे की है। फरार होने से पहले तीनों ने वहां बंद 27 अन्य बंदियों को एक कमरे में बंद कर दिया। ड्यूटी पर तैनात एसपीओ विनय चौधरी ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन पर हमला कर दिया गया। बीचबचाव में आए हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार पर भी तेजधार हथियार से वार किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस बीच हमलावरों ने देसी कट्टे से फायरिंग की और मौके से भाग निकले। बाल सुधार गृह से निकलने के बाद उन्होंने आरएस पुरा-अरनिया मुख्य मार्ग पर एक राइस मिल के पास राहगीर को कट्टा दिखाकर उसकी बाइक छीन ली। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी नलिन प्रभात ने मौके का दौरा किया और लापरवाही के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। तीनों आरोपियों की तलाश जारी है।
