भारत-पाक टी20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा: दुर्ग में 5 गिरफ्तार, लाखों रुपए कैश समेत 17 मोबाइल और लैपटॉप जब्त

भारत-पाक टी20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा: दुर्ग में 5 गिरफ्तार, लाखों रुपए कैश समेत 17 मोबाइल और लैपटॉप जब्त

दुर्ग। भारत-पाकिस्तान टी-20 क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के ग्रीन चौक स्थित एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र सुलाखे उर्फ मोनू, अंकित सोनी, चन्द्रप्रकाश पजेल उर्फ सोनू, राजा सोनकर और डोमन पटेल शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मकान में मैच पर अवैध ऑनलाइन सट्टा चल रहा है और वहीं बैठकर हिसाब-किताब किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके पर मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए सट्टा संचालन के प्रमाण मिले।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और ₹1 लाख 34 हजार नगद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹2 लाख 62 हजार 500 बताई जा रही है।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आरोपी का विवरण :

1. सुरेन्द्र सुलाखे उर्फ मोनू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्रीन चौक, दुर्ग

2. अंकित सोनी, उम्र 29 वर्ष, निवासी अहमद नगर कैम्प 01, थाना छावनी, भिलाई

3. चन्द्रप्रकाश पजेल उर्फ सोनू, उम्र 29 वर्ष, निवासी मरारपारा, दुर्ग

4. राजा सोनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी शिवपारा, दुर्ग

5. डोमन पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी मरारपारा, दुर्ग