सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से श्रमिक की मौत

राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में फैक्ट्री श्रमिक की मौत हो गई। घटना अविनाश लॉजिस्टिक पार्क के पास की है, जो धरसींवा थाना क्षेत्र में आता है।

जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम बिछिया निवासी 33 वर्षीय बोधीराम चौहान सिलतरा स्थित श्रीराम प्लास्ट की पाइप निर्माण इकाई में पिछले तीन साल से काम कर रहे थे। शनिवार शाम वे अपनी मोटरसाइकिल से किसी जरूरी काम से फैक्ट्री परिसर से बाहर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोधीराम के सिर में गंभीर चोट आई। फैक्ट्री कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें धरसींवा स्थित शहीद योगेंद्र शर्मा शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे से पूरे फैक्ट्री परिसर में शोक का माहौल है। सुपरवाइजर चंद्रा महिलांगे के अनुसार, बोधीराम दो भाइयों में छोटे थे। कुछ साल पहले बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। तब से वही परिवार का सहारा थे और बुजुर्ग माता-पिता की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब उनके पीछे 62 वर्षीय मां गणेशी बाई, 69 वर्षीय पिता हेमलाल, पत्नी पद्मिनी और तीन छोटे बच्चे हैं। आठ साल की करुणा, छह साल की खिलेश्वरी और करीब तीन साल का रोहन। परिवार की हालत पहले ही साधारण थी, अब यह हादसा उन्हें पूरी तरह तोड़ गया है। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और सहायता की मांग की है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।