दुर्ग रेंज पुलिस ने लॉन्च किया सशक्त ऐप का पब्लिक मॉड्यूल, अब आम नागरिक भी तलाश सकेंगे चोरी गए वाहन



दुर्ग। दुर्ग रेंज पुलिस ने चोरी हुए वाहनों की खोज और कार्रवाई को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज, राम गोपाल गर्ग ने सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल का शुभारंभ किया। इस मॉड्यूल के शुरू होने के बाद अब आम नागरिक भी एक क्लिक में चोरी या संदिग्ध वाहन की जानकारी जांच कर पुलिस को सूचित कर सकेंगे। कार्यक्रम भिलाई ब्रांच ICAI के सभागार कक्ष, सिविक सेंटर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह पहल पुलिस और जनता के बीच साझेदारी को मजबूत करेगी।

सशक्त ऐप को दिसंबर 2024 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा लॉन्च किया गया था। यह चोरी वाहनों का एकीकृत डेटाबेस है, जिसका उपयोग अब तक पुलिस जवान पेट्रोलिंग और नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए कर रहे थे। पिछले एक वर्ष में इस ऐप की मदद से दुर्ग रेंज में 150 से अधिक चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। आईजी राम गोपाल गर्ग ने बताया कि ऐप की सफलता और जनता से मिले सुझावों के बाद इसका पब्लिक मॉड्यूल तैयार किया गया है। अब दुर्ग रेंज के लगभग 40 लाख नागरिक भी इस अभियान का हिस्सा बन सकेंगे, जिससे वाहन चोरी के मामलों पर और प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

सशक्त ऐप को प्ले स्टोर पर 'Sashakt CG Police' सर्च कर डाउनलोड किया जा सकता है। बेसिक जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन करने के बाद नागरिक वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर यह जांच सकेंगे कि वह वाहन चोरी या संदिग्ध श्रेणी में है या नहीं। जानकारी मिलने पर संबंधित थाने से संपर्क किया जा सकेगा। कार्यक्रम में ऐप डेवलपमेंट टीम को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में आईजी ने कहा कि यदि यह मॉडल सफल रहा तो इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक फाउंडेशन के सदस्य, कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र प्रतिनिधि, चैंबर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारी, सीए भवन के अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक झा सहित दुर्ग रेंज के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एएसपी सुखनंदन राठौर और उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय ने किया।

