पुलिसकर्मियों से हाथापाई के आरोप में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल आठ लोग पकड़े गए

पुलिसकर्मियों से हाथापाई के आरोप में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल आठ लोग पकड़े गए

दुर्ग। जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी दरों के विरोध में पटेल चौक पर हुए मार्ग जाम और पुलिस से हाथापाई के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों शुभम सिंह राजपूत उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड 16 कर्मचारी नगर शिव मंदिर के पास दुर्ग और गीतेश कुमार ठाकुर उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम खुरशीटिकुल पो. सुरडोंगर जिला बालोद हाल पता वार्ड क्रमांक 16 कर्मचारी नगर दुर्ग को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 8 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार मामला 1 दिसंबर 2025 का है। बीएसएनएल ऑफिस के सामने कुछ लोगों ने बिना अनुमति प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद बल ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से हाथापाई की गई और आवागमन बाधित किया गया। इस दौरान प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर, आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू और हिमांशु जंघेल को चोटें आईं। घटना के बाद थाना सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 221, 126(2) और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पहले 6 आरोपियों अनिल वासनिक उम्र 43 वर्ष निवासी अंबेडकर नगर दुर्ग, विक्की चंद्राकर उम्र 32 वर्ष निवासी शीतला नगर दुर्ग, दिनेश पाण्डेय उम्र 35 वर्ष निवासी गयानगर दुर्ग, राकेश यादव उम्र 38 वर्ष निवासी गयानगर दुर्ग, जितेन्द्र बत्रा उम्र 41 वर्ष निवासी सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड दुर्ग और मनोज राजपूत उम्र 50 वर्ष निवासी सिकोला भाठा दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। अब दो अन्य आरोपी शुभम सिंह राजपूत और गीतेश कुमार ठाकुर को उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया। सक्षम जमानतदार पेश करने पर दोनों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इनमें यशवंत सिंह राजपूत उम्र 33 वर्ष निवासी बोरसी दुर्ग, ओमप्रकाश कोटवानी सहित अन्य शामिल हैं।