सुपेला में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
आकाश गंगा मार्केट से 8.150 बल्क लीटर शराब जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

भिलाई। अवैध शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 8.150 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2690 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सुपेला स्थित आकाश गंगा मार्केट, जी.ई. रोड के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजेश कुमार जयसवाल (38 वर्ष) निवासी जलेबी चौक, केम्प-01, थाना छावनी, जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न ब्रांड की बियर बरामद हुई, जिसमें हंटर स्ट्रांग, बडवाइजर, थंडर बोल्ट, मेडुसा और सिम्बा ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 616/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

