गांजा तस्करी केस में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की घेराबंदी में आए शिकंजे में

इंदिरा नगर पाटन और खोपली मचांदुर में दबिश, नगदी और मोबाइल जब्त

गांजा तस्करी केस में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की घेराबंदी में आए शिकंजे में

दुर्ग। अवैध नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में दुर्ग पुलिस को एक और सफलता मिली है। उतई थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक गंभीर प्रकरण में की गई। इससे पहले इसी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि जितेश यादव उर्फ जीतू और चन्द्रहास देशलहरे उर्फ चिन्टू फरार थे। 3 मई को मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस टीम ने इंदिरा नगर पाटन और ग्राम खोपली मचांदुर में दबिश दी। दोनों आरोपियों को उनके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने गांजा खरीद-फरोख्त में शामिल होना स्वीकार किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जितेश यादव के पास से नगदी रकम और चन्द्रहास देशलहरे के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन जप्त किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध तरीके से आर्थिक लाभ कमाने के लिए गांजा तस्करी में लिप्त थे। इस पूरे ऑपरेशन में थाना उतई की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।