भिलाई में ‘दिशा’ की पहल, वरिष्ठ नागरिकों को बताया साइबर ठगी से बचने का तरीका

भिलाई में ‘दिशा’ की पहल, वरिष्ठ नागरिकों को बताया साइबर ठगी से बचने का तरीका

भिलाई। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था दिशा ने हिंदू मिलन मंदिर परिसर में साइबर क्राइम जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही।

मुख्य अतिथि एएसपी सिटी सुखनंदन राठौड़ ने साफ कहा कि साइबर अपराध तेजी से बदल रहे हैं और सबसे ज्यादा निशाने पर आम लोग हैं। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और ऑनलाइन निवेश ठगी के तरीकों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

सीएसपी भिलाई सत्य प्रकाश तिवारी ने सोशल मीडिया पर फैल रहे लालच और फर्जी ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। क्राइम ब्रांच के सीनियर सब इंस्पेक्टर डॉ. संकल्प राय ने मजबूत पासवर्ड रखने, समय-समय पर बदलने और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करने पर जोर दिया। संस्था के प्रतिनिधि शांतनु दासगुप्ता ने बताया कि दिशा लगातार ट्रैफिक जागरूकता, शिक्षा सहयोग, वृद्धाश्रम सेवा और डिजिटल साक्षरता जैसे सामाजिक विषयों पर काम कर रही है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति धारकर ने किया। अंत में राजेश धारकर ने अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से श्री राजेश धारकर, रामानुजन राजू, शांतनु दासगुप्ता, सुजीत चक्रवर्ती, भास्कर देवनाथ, देबाशीष मजूमदार, उत्तम डे, कल्याण राय, जी.एस. संधू, अजय दुबे, के.सी. राव, नरसिम्हा राव, प्रदीप दास, डॉ. सुरेश शर्मा, जवाहर, दीपांकर मुखर्जी, एस.के. देशोरे, संदीप पडवाल, श्रीमती सुधा, लक्ष्मी, एलिस एवं झरना रानी राय सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।