भिलाई में भाजपा की शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, महिला आरक्षण के समर्थन में 16 अप्रैल को निकलेगी बाइक रैली

भिलाई। भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई ने महिला आरक्षण कानून के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार 16 अप्रैल 2026, गुरुवार को भव्य बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।
यह रैली केंद्र और प्रदेश संगठन के निर्देश पर “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन में निकाली जा रही है, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में यह रैली जिले में व्यापक स्तर पर शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।

रैली की शुरुआत शाम 4 बजे सुपेला स्थित जिला भाजपा कार्यालय, प्रियदर्शिनी परिसर से होगी। इसके बाद यह रैली सुपेला चौक, गदा चौक, इंदिरा चौक, शुक्ला चौक, परदेशी चौक होते हुए आगे बढ़ेगी और अंत में मोर्या टॉकीज मार्ग से होते हुए पुनः भाजपा कार्यालय पहुंचकर समाप्त होगी।
पार्टी संगठन ने रैली को सफल बनाने के लिए अलग-अलग चौक-चौराहों पर मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी तय की है। हर स्थान पर कार्यकर्ताओं को स्वागत और व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि रैली को प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

आरटीआई प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मदन सेन ने बताया कि भारत सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (106 वा संवैधानिक संशोधन अधिनियम 2023 )के लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत एक- तिहाई सीट आरक्षित करने वाले ऐतिहासिक कानून के लिए आर टी आई प्रकोष्ठ पूर्ण रूप से समर्थन करती है,यह नए युग का शुभारंभ है ,नारी शक्ति को पंच से लेकर पार्लियामेंट तक लाभ मिलेगा ,यह कानून 20 सितंबर को लोकसभा एवं 21 सितंबर 2023 को राज्यसभा में पारित हुआ और 29 सितंबर 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दी, यह अधिनियम आगामी जनगणना एवं परिसीमन पश्चात लागू होगा जिससे लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या मौजूदा 82 से बढ़कर 181 हो जाएगी इस बिल में सीटों के रोटेशन का भी जिक्र है ताकि हर चुनाव में अलग-अलग सीटे महिलाओं के लिए आरक्षित होगा ,इस पुनीत कार्य के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूँ।
