खम्हरिया में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल: 50 से ज्यादा घरों पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

खम्हरिया में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल: 50 से ज्यादा घरों पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

भिलाई। नगर निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 1 खम्हरिया में सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पीडब्ल्यूडी के निर्देश पर नाली निर्माण के लिए शुरू की गई तोड़फोड़ कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया।

दरअसल, सड़क चौड़ीकरण के पहले चरण में आरसीसी नाली निर्माण का काम शुरू किया गया है। इसके लिए तय सीमा में आने वाले 50 से अधिक मकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। जैसे ही बुलडोजर घरों तक पहुंचा, ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे और विरोध शुरू हो गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनके आशियाने तोड़े जा रहे हैं, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। इस बीच शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों का समर्थन किया।

मुकेश चंद्राकर ने कहा कि बच्चों की परीक्षाओं के बीच इस तरह लोगों को बेघर करना अमानवीय है। अगर सड़क चौड़ीकरण जरूरी है तो पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए।

फिलहाल विरोध के बाद पीडब्ल्यूडी ने तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक दी है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा के बाद यह सहमति बनी है कि प्रभावितों के व्यवस्थापन को लेकर कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से मिलकर समाधान निकाला जाएगा।