वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से आ रही कार से 75 लाख नकद बरामद

वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से आ रही कार से 75 लाख नकद बरामद

महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस की नियमित वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। टेमरी नाका में चेकिंग के दौरान एक कार से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर नगदी, कार और मोबाइल सहित करीब 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 16 मार्च को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार को रोककर जांच की गई। कार चालक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27) निवासी मुंडापला थाना बेलपला जिला बलांगीर ओडिशा बताया। वहीं कार में सवार दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47) निवासी डेली मार्केट कांटाबांजी जिला बलांगीर बताया।

जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग की तलाशी ली गई। बैग में 500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। हर बंडल में 100 नोट थे, इस तरह कुल 75 लाख रुपये नगद बरामद हुए।

पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह रकम सोना-चांदी के व्यापार से जुड़ी है और इसे कांटाबांजी से रायपुर स्थित मनोहर मका एंड कंपनी और 60 ज्वेलर्स को देने के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस द्वारा धारा 94 बीएनएस के तहत वैध दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस दिए जाने के बाद भी वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।

पुलिस ने 75 लाख रुपये नगद, लगभग 10 लाख रुपये कीमत की होंडा कार और करीब 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और रकम के स्रोत तथा इसके उपयोग को लेकर आगे की जांच की जा रही है।