अवैध अफीम खेती मामले से जुड़े लोगों पर कार्रवाई, भाजपा नेता के ठिकानों चला बुलडोजर




दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े लोगों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम समोदा में राजस्व भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर हटा दिया।

पुलिस के अनुसार अवैध अफीम की खेती के मामले में मुख्य आरोपी भागपा नेता विनायक ताम्रकार, निवासी तेमरापारा, से जुड़े कुछ लोगों द्वारा राजस्व भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी के रिश्तेदारों ने ग्राम समोदा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कर लिया था।

सूचना के बाद राजस्व विभाग ने भूमि अभिलेखों की जांच की, जिसमें उक्त जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया। इसके बाद राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अवैध निर्माण को हटा दिया।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन ने अतिक्रमित भूमि से अवैध संरचनाओं को हटाते हुए जमीन को मुक्त कराया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।