भिलाई-दुर्ग में राज्यस्तरीय वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 31 दोपहिया जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। जिले के भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय एक राज्यस्तरीय दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना भिलाई भट्टी पुलिस की कार्रवाई में 31 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तीन आरोपी को पकड़ा है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पिछले दो साल से इलाके में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। खासकर बीएसपी के मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग और भिलाई-भट्टी क्षेत्र चोरों के निशाने पर थे। पुलिस ने दर्ज प्रकरणों का विश्लेषण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर सूचना के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई। मुख्य आरोपी ई. पापा राव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह खुद वाहन चोरी करता था और उन्हें जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में ले जाकर अपने साथियों के जरिए बेच देता था। चोरी की गाड़ियां मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि के माध्यम से खपाई जाती थीं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी ने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है। वह खासतौर पर होंडा साइन और अन्य लोकप्रिय मॉडलों को निशाना बनाता था, ताकि उन्हें आसानी से बेचा जा सके। बरामद 31 वाहनों में भिलाई-भट्टी क्षेत्र की 13 गाड़ियां, छावनी थाना क्षेत्र की 3, रायपुर क्षेत्र की 2 और कुछ ऐसे वाहन भी शामिल हैं जिनके दस्तावेज पंजीबद्ध नहीं मिले। इससे साफ है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदात को अंजाम दे रहा था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।
आरोपी का नाम :
1. ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, जिला रायपुर
2. मनोज राम, निवासी कुंनकुरी, जिला जशपुर
3. राम सेवक प्रजापति उर्फ़ रवि पl, निवासी कुंनकुरी, जिला जशपुर