दुर्ग में सख्ती: नो हेलमेट, नो पेट्रोल आदेश लागू करने प्रशासन की बैठक, पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश

दुर्ग। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंग ने की।

बैठक में पुलिस विभाग की ओर से एएसपी सुखनंदन राठौर, खाद्य विभाग के अधिकारी और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। साफ निर्देश दिया गया कि दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम लोगों की सुरक्षा के लिए है और इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी।

अपर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों से कहा कि वे सिर्फ आदेश का पालन ही न करें, बल्कि आम लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। यदि किसी तरह का विवाद होता है तो तुरंत पुलिस से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। एएसपी सुखनंदन राठौर ने हेलमेट को अनिवार्य बताते हुए कहा कि प्रशासन के आदेशों का पालन सभी के सहयोग से ही संभव है। बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं भी रखीं। प्रशासन ने सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही सभी पंपों पर हवा, स्वच्छ पेयजल और साफ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।