ओवरब्रिज से रेलवे ट्रैक पर कूदा भिलाई निगम का सफाई कर्मी, डायल-112 टीम ने बचाई जान


दुर्ग। मोहन नगर–धमधा नाका ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ने मानसिक तनाव और नशे की हालत में ओवरब्रिज से नीचे छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही डायल-112 मोहन नगर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए युवक को प्राथमिक सहायता दिलाई और शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान भानुप्रताप देशमुख (30 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 13, जेवर सिरसा, दुर्ग के रूप में हुई है। बताया गया कि वह नगर निगम भिलाई में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में डायल-112 मोहन नगर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1077 हिमांशु जंघेल एवं चालक क्रमांक 273 धर्मेंद्र देशमुख की भूमिका सराहनीय रही। उनकी त्वरित सतर्कता और मानवीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग द्वारा दोनों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
