सुपेला संडे मार्केट में हटवाए गए अव्यवस्थित ठेले, इंदिरा मार्केट और सिविक सेंटर में 58 वाहन चालकों के कटे ई-चालान

सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों पर यातायात पुलिस सख्त, 2026 में अब तक 2529 वाहनों पर नो पार्किंग कार्रवाई

सुपेला संडे मार्केट में हटवाए गए अव्यवस्थित ठेले, इंदिरा मार्केट और सिविक सेंटर में 58 वाहन चालकों के कटे ई-चालान

भिलाई। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को सुपेला संडे मार्केट, इंदिरा मार्केट और सिविक सेंटर क्षेत्र में यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई वाहन चालकों और ठेला संचालकों पर सख्ती दिखाई।

यातायात पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शहर में आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण जाम एवं दुर्घटना जैसी स्थिति बनती है। रविवार को सुपेला संडे मार्केट क्षेत्र में यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था अभियान चलाया। इस दौरान सड़क घेरकर ठेला और दुकान लगाने वाले संचालकों को हटाकर सड़क किनारे उपलब्ध स्थान पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से व्यवसाय करने के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसी क्रम में शनिवार रात इंदिरा मार्केट और सिविक सेंटर क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। यहां सफेद लाइन के बाहर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 58 वाहन चालकों पर नो पार्किंग के तहत चालान काटे। यातायात विभाग के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 2529 वाहन चालकों पर नो पार्किंग की कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित न करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनी रहे।