भिलाई में हेरोईन तस्करी का खुलासा, पंजाब से लाकर बेचने की तैयारी में 4 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र से हेरोईन तस्करी में लिप्त चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 91.9 ग्राम हेरोईन, जिसकी कीमत लगभग 18.69 लाख रुपये बताई जा रही है, और 31 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।

मामला 10 अप्रैल 2026 का है, जब जामुल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड भिलाई के एक किराए के मकान में हेरोईन रखकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड की।

रेड के दौरान चारों आरोपियों को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पंजाब के अमृतसर से हेरोईन लाकर भिलाई में बेचने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में किराए का मकान ले रखा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।
आरोपी का नाम :
1. राजविन्दर कौर, उम्र 19 वर्ष, निवासी भौदपुर थाना तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब)
2. राजवीर सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी मजिठा रोड लक्ष्मी विहार गली नं. 05 थाना मजिठा रोड, जिला अमृतसर (पंजाब)
3. कुलदीप सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब)
4. लवप्रीत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी भौदपुर थाना तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब)
