दो वार्डों को 25 लाख के विकास कार्यों की सौगात, महापौर अलका बाघमार ने किया भूमिपूजन

वार्ड 8 और वार्ड 25 में नाली-पुलिया निर्माण होगा, गुणवत्ता में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

दो वार्डों को 25 लाख के विकास कार्यों की सौगात, महापौर अलका बाघमार ने किया भूमिपूजन

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर अलका बाघमार ने गुरुवार को वार्ड क्रमांक 8 तकिया पारा और वार्ड क्रमांक 25 गायत्री मंदिर वार्ड में नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। दोनों वार्डों में कुल 25 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे।

वार्ड क्रमांक 8 तकिया पारा में 15 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 25 गायत्री मंदिर वार्ड में 10 लाख रुपये की लागत से नाली और पुलिया का निर्माण होगा। इन कार्यों से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।

भूमिपूजन के दौरान महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की कमी या अनियमितता दिखाई दे तो तत्काल इसकी जानकारी दें और जरूरत पड़ने पर कार्य रुकवाएं। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने बताया कि निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में इंजीनियरों को संबंधित पार्षदों के साथ क्षतिग्रस्त पुलिया और अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों का सर्वे कर प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जा सके।

कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद खालिक रिजवी, पार्षद मनीषा सोनी सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। वार्डवासियों ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर महापौर का आभार भी व्यक्त किया।