महिला नसबंदी पर ₹2,000 और पुरुष नसबंदी पर ₹3,000 प्रोत्साहन राशि, जिलेभर में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
दुर्ग में 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा, परिवार नियोजन की सभी सेवाएं रहेंगी निःशुल्क

दुर्ग। जिले में 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जाएगा। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना है। इस वर्ष अभियान का संदेश है, "जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल।"
अभियान के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 'सास-बहू सम्मेलन' और 'मोर मितान मोर संगवारी चौपाल' के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और सुरक्षित अंतराल के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लक्षित दंपत्तियों से संपर्क भी कर रहे हैं।

जिला परिवार कल्याण कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. अर्चना चौहान ने बताया कि जिला चिकित्सालय सहित समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। सरकार द्वारा परिवार नियोजन अपनाने वाले लाभार्थियों को आर्थिक प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है, जिसके तहत महिला नसबंदी के लिए 2,000/- रुपये तथा पुरुष नसबंदी के लिए 3,000/- रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त अस्थायी साधनों जैसे- कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भ निरोधक गोलियां (छाया/माला-एम) और निरोध की भी मुफ्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिन्हें मितानिनों के माध्यम से भी घर-घर वितरित किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय दुर्ग और सिविल अस्पताल सुपेला में प्रतिदिन महिला नसबंदी ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा निर्धारित तिथियों पर विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ सर्जनों द्वारा कैंप लगाए जाएंगे, जिसमें पाटन में 11 जुलाई को डॉ. के.के. डहरिया, धमधा में 14 जुलाई को डॉ. रचना अग्रवाल, उतई में 16 जुलाई को डॉ. कालिन्दी, अहिवारा में 17 जुलाई को डॉ. रूबी मरकाम एवं निकुम में 13 जुलाई को डॉ. ज्योति ध्रुव महिला नसबंदी ऑपरेशन करेंगी। इसी तरह पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए सर्जन डॉ. ए.के. सान्याल द्वारा जिला चिकित्सालय दुर्ग में 11 जुलाई, निकुम में 13 जुलाई और उतई में 15 जुलाई को ऑपरेशन किए जाएंगे। डॉ. प्रफुल्ल धीवर द्वारा 13 जुलाई को धमधा, 14 जुलाई को कुम्हारी, 15 जुलाई को अहिवारा और 17 जुलाई को सुपेला में तथा डॉ. दीपक कश्यप द्वारा पाटन विकासखंड के अंतर्गत 15 जुलाई को पाटन और 17 जुलाई को झीट में पुरुष नसबंदी शिविर का संचालन किया जाएगा।
