एक ही जमीन कई लोगों को बेचने का झांसा, 8 लाख की ठगी करने वाले दंपती गिरफ्तार

पुलगांव पुलिस की कार्रवाई, रजिस्ट्री के नाम पर लाखों रुपये लेकर किया फर्जी सौदा, कई अन्य लोगों से भी ठगी के मिले सबूत

एक ही जमीन कई लोगों को बेचने का झांसा, 8 लाख की ठगी करने वाले दंपती गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना पुलिस ने भूमि विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक ही जमीन का सौदा कई लोगों से कर करीब 8 लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन किसी के नाम रजिस्ट्री नहीं कराई।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम दमोदा निवासी नोकेश देशमुख और नेहा देशमुख ने ग्राम अंजोरा स्थित प्लॉट नंबर 8 बेचने का सौदा एक व्यक्ति से 5.50 लाख रुपये में किया। आरोपियों ने ऑनलाइन और नकद माध्यम से 5.20 लाख रुपये लिए, जबकि व्यवसायिक जरूरत का हवाला देकर पीड़ित की मां से एनईएफटी के जरिए 2.80 लाख रुपये भी ले लिए। कुल 8 लाख रुपये लेने के बाद भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई।

जब पीड़ित ने ऑनलाइन भूइयां पोर्टल पर जांच की तो पता चला कि संबंधित जमीन पहले से किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी जमीन के नाम पर दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा, दिनेश कुमार पांडे सहित अन्य लोगों से भी ब्याना राशि लेकर धोखाधड़ी की है।

शिकायत के आधार पर पुलगांव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और धोखाधड़ी के तथ्यों की जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले दस्तावेजों और स्वामित्व का पूरी तरह सत्यापन अवश्य करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।