दहेज की मांग पर विवाहिता को प्रताड़ित करने वाले सास-देवर गिरफ्तार
मामला शांतिनगर भिलाई का, मारपीट, धमकी और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, वैशाली नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल

भिलाई। वैशाली नगर थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए सास और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोप है कि दोनों ने विवाहिता को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति, सास और देवर लंबे समय से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी दी गई और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराया-धमकाया जाता था।

शिकायत के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शांतिनगर निवासी सुषमा पाण्डेय और अस्वनी पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपी की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और दहेज प्रताड़ना के मामलों में शिकायत मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसे मामलों में बिना डर के पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
आरोपी का नाम :
1. सुषमा पाण्डेय, उम्र 50 वर्ष, निवासी शांतिनगर, दशहरा मैदान के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
2. अस्वनी पाण्डेय, उम्र 23 वर्ष, निवासी शांतिनगर, दशहरा मैदान के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
